भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए
"गाते हैं सस्वर सन्नाटे / राहुल शिवाय" के अवतरणों में अंतर
Kavita Kosh से
Rahul Shivay (चर्चा | योगदान) ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=राहुल शिवाय |अनुवादक= |संग्रह= }} {{KKCat...' के साथ नया पृष्ठ बनाया) |
(कोई अंतर नहीं)
|
10:21, 15 अगस्त 2024 के समय का अवतरण
रोज़ झुर्रियों को पढ़ते हैं
गाते हैं सस्वर सन्नाटे
स्मृतियों की एक बूँद से
नदी उतर आती नयनों में
रघुकुल की वह रीत कहाँ है
क्या विश्वास बचा वचनों में
सुख-सुविधाओं ने बोये हैं
कितने दुख, कितने ही घाटे
तुलसी का बबूल हो जाना
है जिसने स्वीकार कर लिया
जिसने अपनों के जीवन में
ख़ुद को ही दीवार कर लिया
वह क्या जाने कौशल्या ने
कैसे अपने दिन हैं काटे
नये समय के प्रस्तावों में
कर्तव्यों का बोध नहीं है
जननी के हिस्से जीवन है
सत्ता या प्रतिरोध नहीं है
गाँव-शहर पाटना सहज है
मन की दूरी कैसे पाटे