भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

"प्यास सीमाहीन सागर / हरीश भादानी" के अवतरणों में अंतर

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज
(नया पृष्ठ: <poem>प्यास सीमाहीन सागर अंजुरी भरले कोई! लहरें टकरती पीर की मौ…)
 
(कोई अंतर नहीं)

22:00, 6 अगस्त 2010 के समय का अवतरण

प्यास सीमाहीन सागर
    अंजुरी भरले कोई!


    लहरें टकरती पीर की
    मौनी किनारों से,
    झुलसी हुई ये लौटती
    तपते उतारों से


शेष सुधियाँ फेन जैसी
    आँगने रखले कोई!
प्यास सीमाहीन सागर.....


    दूरियों से दूरियों तक
    सिर्फ़ टीसें गूँजती,
    और बहकी-सी सिहरनें
    द्वार-ड्योढ़ी घूमती


सपन तारों से अनींदे
    आँख में भरले कोई!
प्यास सीमाहीन सागर.....


    आस जागेगी अलस कर
    रात जो करवट भरे,
    साँस पीलेगी स्वरों को
    भोर जो आहट करे


साध पूरब की किरणसी
    बाँह में भरले कोई!


प्यास सीमाहीन सागर
    अंजुरी भरले कोई!