भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए
"कभी-कभी / उमाकांत मालवीय" के अवतरणों में अंतर
Kavita Kosh से
Pratishtha (चर्चा | योगदान) (नया पृष्ठ: {{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=उमाकांत मालवीय }} <poem> Category:गीतकभी-कभी बहुत भला लग...) |
(कोई अंतर नहीं)
|
03:59, 28 जुलाई 2009 का अवतरण
कभी-कभी बहुत भला लगता है-
चुप-चुप सब कुछ सुनना
और कुछ न बोलना।
कमरे की छत को
इकटक पडे निहारना
यादों पर जमी धुल को महज बुहारना
कभी-कभी बहुत भला लगता है-
केवल सपने बुनना
और कुछ न बोलना।
दीवारों के उखडे
प्लास्टर को घूरना
पहर-पहर संवराती धूप को बिसूरना
कभी-कभी बहुत भला लगता है
हरे बांस का घुनना
और कुछ न बोलना।
कागज पर बेमानी
सतरों का खींचना
बिना मूल नभ छूती अमरबेल सींचना
कभी-कभी बहुत भला लगता है।
केवल कलियां चुनना
और कुछ न बोलना।
अपने अंदर के
अंधियारे में हेरना
खोई कोई उजली रेखा को टेरना
कभी-कभी बहुत भला लगता है
गुमसुम सब कुछ सुनना
और कुछ न बोलना।