भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

"सावधान / जिजीविषा / महेन्द्र भटनागर" के अवतरणों में अंतर

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज
(New page: {{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=महेन्द्र भटनागर |संग्रह= जिजीविषा / महेन्द्र भटनागर }} ...)
 
छो (सावधान (जिजीविषा) / महेन्द्र भटनागर का नाम बदलकर सावधान / जिजीविषा / महेन्द्र भटनागर कर दिया गया है)
(कोई अंतर नहीं)

17:29, 1 जनवरी 2010 का अवतरण

अब और न चलने पाएगी परदापोशी,
भंग हुई है गत युग की जड़ता बेहोशी !

सावधान हो जाओ, ओ! जन-पथ के द्रोही,
युग है दलितों का जिसकी बाट सदा जोही !

ललकार रहा है नित धरता मज़बूत क़दम
इंसान नया, नव राह बना, कर दूर वहम !

कंधों पर आज किये नव-रचना भार वहन,
टकरा कर मर्दित दग्ध-विषैला-क्रूर दमन !

निष्फल अभियान विपक्षी व्यूह हुए लुंठित,
कल की आँधी देख रही प्रतिहत राह थकित !

नव-लाली ले उगता लो जनता का सूरज,
‘नया सबेरा’ आज दमामा कहता बज-बज !

मानव के हाथों में सुदृढ़ हथौड़े का बल,
पर्वत की छाती पर चलता जनता का हल !

हरियाली लाएगा, समता विश्वास अमर,
फूटेंगे अंकुर पथरीली बंजर भू पर !

रस का सागर लहराएगा जन-जन के हित,
बरसेगा जीवन कण-कण पर मुक्त असीमित !