भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

लड़की हैरान है / हरभजन सिंह / गगन गिल

Kavita Kosh से
अनिल जनविजय (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 18:14, 26 मई 2024 का अवतरण

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

लड़की हैरान है
देह के जंगल में मिरग कस्तूरी का
शाहरग के पास-पास सपना बहुत दूरी का
ख़ुशबू के दरिया में बही जाती जान है

जिस्म की खिड़की में चन्द्रमा चमकते
दिन के समय सपने देखते हुए
अचानक चौंक उठती है दुनिया न जान ले
मन के अन्धेरे में जो रोशन जहान है

चलती चली जाती है
कपड़ों की ओट में चन्द्रमा छिपाती है
नज़रों के काँटों में बार-बार जैसे अटक जाती ओढ़नी
ख़ुशबू के भ्रमजाल मिरग हलकान
अपने ही होने से लड़की परेशान है

मुश्किल है हथेली पर चाँद रखकर चलना
बहुत दुश्वार है सदा कली का खिलना
बैठना अकेले और कुछ भी न सोचना
अपनी ख़ामोशी को बोलने से रोकना
छेद-छेद मटके में दरिया लेकर चली
उम्र नादान है  !

पंजाबी से अनुवाद : गगन गिल