भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

भोपालःशोकगीत 1984 - कोई नहीं रोता / राजेश जोशी

Kavita Kosh से
Hemendrakumarrai (चर्चा) द्वारा परिवर्तित 20:32, 16 जून 2007 का अवतरण (New page: '''कोई नहीं रोता'''<br><br> अब यहाँ कोई नहीं रोता।<br><br> लोग बहुत जल्दी थक जाते हैं ...)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

कोई नहीं रोता

अब यहाँ कोई नहीं रोता।

लोग बहुत जल्दी थक जाते हैं और
बहुत जल्दी ऊब जाते हैं।
एक शंका रह रह कर शहर का चक्कर काटती है।
एक डर लोगों के साथ-साथ चलता है
परछाईं की तरह हर वक़्त।
हवा गुजरती है बच्चों की क़ब्र को छूती हुई
और एक खरखराता हुआ शब्द गूँजता है
रुँधे गले जैसे कोई बच्चा
आख़रीबार पुकार रहा हो
माँ
अब यहाँ कोई नहीं रोता।

शहर के एक इलाके के सारे पेड़
अब भी स्याह हैं।
रात के अँधेरे में वे किसी शोक जुलूस की तरह
नज़र आते हैं।

औरतें कुछ भी याद न करने की कोशिश करती हुई
दिन भर लिफ़ाफ़े बनाती हैं, किसी कतरन में
बच्चे की तस्वीर देखकर ठिठक जाती हैं
आँखें चुराते हुए
काग़ज को जल्दी से पलट कर
ढेर में मिला देती हैं।
अब यहाँ कोई नहीं रोता।

सिर्फ़ झरी हुई पत्तियाँ रात में सरसराती हैं।