भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

दिल्ली / उदय प्रकाश

Kavita Kosh से
अनिल जनविजय (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 11:56, 27 जून 2007 का अवतरण (New page: {{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=उदय प्रकाश }} समुद्र के किनारे अकेले नारियल के पेड़ की...)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज


समुद्र के किनारे

अकेले नारियल के पेड़ की तरह है

एक अकेला आदमी इस शहर में.


समुद्र के ऊपर उड़ती

एक अकेली चिड़िया का कंठ है

एक अकेले आदमी की आवाज़


कितनी बड़ी-बड़ी इमारतें हैं दिल्ली में

असंख्य जगमग जहाज

डगमगाते हैं चारों ओर रात भर

कहाँ जा रहे होंगे इनमें बैठे तिज़ारती

कितने जवाहरात लदे होंगे इन जहाजों में

कितने ग़ुलाम

अपनी पिघलती चरबी की ऊष्मा में

पतवारों पर थक कर सो गए होगे.


ओनासिस ! ओनासिस !

यहाँ तुम्हारी नगरी में

फिर से है एक अकेला आदमी.