भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

प्रेम-पिआसे नैन / भाग 2 / चेतन दुबे 'अनिल'

Kavita Kosh से
Rahul Shivay (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 00:13, 13 दिसम्बर 2016 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=चेतन दुबे 'अनिल' |अनुवादक= |संग्रह=...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

जब अधरों पर प्यास थी, टूटी मन की आस।
संयम के तट पर खड़े , सपने हुए उदास।।

भाग्य- भाग्य का खेलहै, जो विधि लिखा लिलार।
उनको मुस्कानें मिली, मुझे अश्रु की धार।।

उमर बिता दी याद में, लेकर उनका नाम।
घूँट- घूँट , पल- पल पिए , आँसू के ही जाम।।

रातों की नींदें गई , गया आत्मविश्वास।
तन ही मेरे पास है , मन है उनके पास।।

जीवन भर छलती रही, आशा नमकहराम।
दृग के अश्कों ने किया , डगर- डगर बदनाम।।

आँसू-आँसू में लिखा, सुमुखि! तुम्हारा नाम।
फिर भी मन को एक पल, मिला न कभी विराम।।

सपना टूटा आँख में, फूट गई तकदीर।
बसी रह गई हृदय में, बस उसकी तस्वीर।।

जब से मानस- पटल पर , बना तुम्हारा चित्र।
तब से मेरी आँख के, आँसू हुए पवित्र।।

प्रणय- जोर में थे बँधे, जो सपने सुकुमार।
उनके ऊपर है पड़ी, हाय वक्त की मार।।

मन बौराया आम-सा , तन हो गया बबूल।
आँखों में चुभने लगे, हर मौसम के फूल।।