भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

तुम तूफ़ान समझ पाओगे? / हरिवंशराय बच्चन

Kavita Kosh से
अनिल जनविजय (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 00:42, 16 जुलाई 2008 का अवतरण (New page: {{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=हरिवंशराय बच्चन |संग्रह= निशा निमन्त्रण / हरिवंशराय ब...)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज


तुम तूफ़ान समझ पाओगे?


गीले बादल, पीछे रजकण,

सूखे पत्‍ते, रूखे तृण घन,

लेकर चलता करता 'हरहर'- इसका गान समझ पाओगे?

तुम तूफ़ान समझ पाओगे?


गंध-भरा यह मंद पवन था,

लहराता इससे मधुवन था,

सहसा इसका टूट गया जो स्‍वप्‍न महान, समझ पाओगे?

तुम तूफ़ान समझ पाओगे?


तोड़-मरोड़ विटप-लतिकाऍं,

नोच-खसोट कुसुम-कलिकाऍं,

जाता है अज्ञात दिशा को! हटो विहंगम, उड़ जाओगे!

तुम तूफ़ान समझ पाओगे?