भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए
सुख और दुख तो आते जाते / अशेष श्रीवास्तव
Kavita Kosh से
सशुल्क योगदानकर्ता ५ (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 23:36, 23 नवम्बर 2020 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=अशेष श्रीवास्तव |अनुवादक= |संग्रह...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)
सुख और दुख तो आते जाते
जीवन तो ये चलता रहता
कभी धूप तो कभी छाँव है
मौसम सदा बदलता रहता...
कल जो था वह आज ना रहता
आज जो है वह कल ना रहता
परिवर्तन तो सृष्टि का नियम है
काल चक्र ये चलता रहता...
नदियों का ये निर्मल पानी
वक्त के जैसा कलकल बहता
नीर नया है नदी पुरानी
पानी सदा बदलता रहता...
सृष्टि के प्रारंभ से अब तक
स्थायी कोई रह ना पाता
कितने आये और गये
आना जाना चलता रहता...
असफलता विफलता का ये
खेल सदा ही चलता रहता
वीर न कभी उद्वेलित होता
सतत कर्म वह करता रहता...
मिलने और बिछड़ने का क्रम
सदा यहाँ तो लगा ही रहता
मन को भाये या ना भाये
कोई साथ सदा ना रहता...