भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

माँ का दुख / ऋतुराज

Kavita Kosh से
Lina jain (चर्चा) द्वारा परिवर्तित 17:52, 2 अक्टूबर 2008 का अवतरण (नया पृष्ठ: {{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=ॠतुराज }} कितना प्रामाणिक था उसका दुख लड़की को क...)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

कितना प्रामाणिक था उसका दुख

लड़की को कहते वक़्त जिसे मानो

उसने अपनी अंतिम पूंजी भी दे दी


लड़की अभी सयानी थी

इतनी भोली सरल कि उसे सुख का

आभास तो होता था

पर नहीं जानती थी दुख बाँचना

पाठिका थी वह धुंधले प्रकाश में

कुछ तुकों और लयबद्ध पंक्तियों की


माँ ने कहा पानी में झाँककर

अपने चेहरे पर मत रीझना

आग रोटियाँ सेंकने के लिए होती है

जलने के लिए नहीं

वस्त्राभूषण शाब्दिक भ्रमों की तरह

बंधन हैं जीवन के


माँ ने कहा लड़की होना

पर लड़की जैसा दिखाई मत देना।