Last modified on 15 सितम्बर 2009, at 17:26

धान रोपते हाथ / राधेश्याम बन्धु

Dkspoet (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 17:26, 15 सितम्बर 2009 का अवतरण (नया पृष्ठ: {{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=राधेश्याम बन्धु |संग्रह= }} <Poem> धान रोपते हाथ अन्...)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

धान रोपते हाथ
अन्न के लिए तरसते हैं,
पानी में दिन-भर
खटकर भी प्यासे रहते हैं।

मुखिया के घर रोज़ दिवाली
रातें मतवाली,
क्रूर हवेली की हाकिम भी
करता रखवाली!
पर झुनिया की
लुटी देह की रपट न लिखते हैं!

जो भी शहर गया, मेड़ों के
वादे भूल गया,
सरपंचों की हमदर्दी का
कुंअना सूख गया।

घायल आँसू
पाती का पथ ताका करते हैं।

तेल बिना अब नहीं दिया भी
झुग्गी में जलता
चुकी मजूरी, पंसारी भी
बात नहीं करता।
सूदखोर मनचले
पड़ोसी ताना कसते हैं।

त्योहारों में भी साड़ी का
सपना रूठ गया,
कर्ज़े की आँधी से तन का
बिरवा सूख गया।
सबकी फसल कटी
मुनिया के फाँके चलते हैं।