भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

पुरानी हवाएँ / शिरीष कुमार मौर्य

Kavita Kosh से
Dr. ashok shukla (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 14:10, 12 मार्च 2012 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=शिरीष कुमार मौर्य |संग्रह=पहला क़द...' के साथ नया पन्ना बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

चन्द्र्रकान्त देवताले जी को याद करते हुए

मेरे साथ

बहुत पुराने दिनों की हवाएँ हैं

मेरे समय में ये बरसों पीछे से आती हैं

और आज भी

उतनी ही हरारत जगाती हैं

मेरे भीतर की धूल को

उतना ही उड़ाती हैं

बिखर जाती हैं

बहुत करीने से रखी हुई चीजें भी

क्या सचमुच

हवाएँ इतनी उम्र पाती हैं ?

विज्ञान के बहुश्रुत नियम से उलट

ये ज़िन्दगी की हवाएँ हैं

हमेशा

कम दबाव से अधिक की ओर

जाती हैं। -2004-