भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

वनवास / संजीव 'शशि'

Kavita Kosh से
सशुल्क योगदानकर्ता ५ (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 15:25, 7 जून 2021 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=संजीव 'शशि' |अनुवादक= |संग्रह=राज द...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

युग बदले पर बदल न पाया,
नारी का इतिहास।
हर युग होती अग्निपरीक्षा,
हर युग में वनवास।।

युगों-युगों से जो घेरे थीं,
अब भी वही व्यथाएँ हैं।
कदम-कदम पर बेबस करतीं,
अगनित कुटिल प्रथाएँ हैं।
जब-जब आगे बढ़ना चाहे,
मिलता है उपहास।

अनजाने भय को लेकर वह,
सहम-सहम जीती पल-पल।
कौन कहाँ कब मैला कर दे,
गंगा-सा पावन आँचल।
गाँव-गाँव में शहर-शहर में,
टूट रहा विश्वास।

मातृशक्ति हो निर्भय जग में,
हम सबसे सम्मान मिले।
उसके नयनों के सपनों को,
एक नयी पहचान मिले।
मुरझाये अब फूल न कोई,
मिल कर करें प्रयास।