भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए
बंधु / कुँअर बेचैन
Kavita Kosh से
Dr.bhawna (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 18:01, 19 फ़रवरी 2009 का अवतरण (नया पृष्ठ: {{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=कुँअर बेचैन }} बंधु। हम-तुम प्रिय महकते फूल गेह-...)
बंधु।
हम-तुम प्रिय महकते फूल
गेह-तरु की नेह-डाली के।
हम पिता की आँख के सपने
और माँ की आँख के मोती
प्रिय बहन के मन-निलय में भी
रोशनी हम बिन नहीं होती
बंधु।
हम-तुम प्रिय महकते फूल
एक पूजा-सजी थाली के।
एक ही शुभ गीत के प्रिय स्वर
एक ही प्रिय शब्द के अक्षर
हैं उड़ानों की लयें जिनमें
एक पक्षी के सुभग दो पर
बंधु।
हम-तुम महकते फूल
एक क्यारी, एक माली के।