भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

अछूते फूल / हरिऔध

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

फूल में कीट, चाँद में धब्बे।
आग में धूम, दीप में काजल।
मैल जल में, मलीनता मन में।
देख किस का गया नहीं दिल मल।

है बुरा, घास-फूस-वाला घर।
मल भरा तन, गरल भरा प्याला।
रिस भरी आँख, सर भरा सौदा।
मन भरा मैल, दिल कसर वाला।

है कहाँ गोद तो भरी पूरी।
जो सकी गोद में न लाल सुला।
क्या मिला पूत जो सपूत नहीं।
क्या खुली कोख जो न भाग खुला।

क्या रहा ताल तब भरा जल से।
जब कि उस में रहा कमल न खिला।
क्या फली डाल जो सुफल न फली।
क्या खुली कोख जो न लाल मिला।

पुल सकेगा न बँधा सितारों पर।
कुल धारा धूल ढुल नहीं सकती।
धुल सकेंगे न चाँद के धब्बे।
बाँझ की कोख खुल नहीं सकती।

जब नहीं उस ने बुझाई भूख तो।
मोतियों से क्या भरी थाली रही।
जो न उस के फल किसी को मिल सके।
तो फलों से क्या लदी डाली रही।

जोत वैसे मलीन होवेगी।
क्या हुआ भूमि पर अगर फ़ैली।
धूल से भर कभी न धूप सकी।
हो सकी चाँदनी नहीं मैली।

आम में आ सका न कड़वापन।
है मिठाई न नीम में आती।
छोड़ ऊँचा सका न ऊँचापन।
नीच की नीचता नहीं जाती।