भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

नहीं बने शब्द कोश / प्रदीप मिश्र

Kavita Kosh से
Pradeepmishra (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 17:35, 13 दिसम्बर 2010 का अवतरण (नया पृष्ठ: <poem> '''नहीं बने शब्द कोश''' किसी पिंड में सृजन की ऊष्मा इतनी तीव्रता …)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

नहीं बने शब्द कोश


किसी पिंड में
सृजन की ऊष्मा इतनी तीव्रता से उफने कि
फूटकर बिखर जाय वह पूरे अंतरिक्ष में
जिस तरह से किसान बिखेरता खेतों में बीज

उगें छोटे-बड़े ग्रह-उपग्रह
निर्मित हो नया-नया ब्रह्मांड

इस बार
उपग्रहों के चक्कर काटें ग्रह
ग्रहों का सूर्य
हिमालय पिघलकर समुन्द्र बन जाय
और समुन्द्र हराभरा पहाड़

पेड़-पौधे मनुष्यों की तरह चलें फिरें
चिड़ियाँ समुन्द्र में तैरें
मछलियाँ ले उड़ें मछुए की जाल
मनुष्यों का स्मृतिलोप हो जाय
इतिहास डूब जाय प्रलय की बाढ़ में

फिर नए सिरे से पहचाने जाएं
जंगल-पेड़-पहाड़-जीव-जंतु
निर्मित हो नई-नई भाषा
नए-नए शब्द आएँ जीवन में
और कभी नहीं बनें शब्दकोश ।