भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

पाहुन / शशि पाधा

Kavita Kosh से
Dkspoet (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 23:20, 10 जून 2011 का अवतरण (नया पृष्ठ: {{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=शशि पाधा }} {{KKCatKavita}} {{KKCatGeet}} <poem> वासंती पाहुन घर आया डा…)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

वासंती पाहुन घर आया
डार देह की खिली-खिली
           आशाओं के फूल खिले
                 नेह की गगरी भरी- भरी

उड़ -उड़ जाये चुनरी मोरी
जाने कितने पंख लगे
छम-छम बोले पायल मोरी
कंगना मन की बात कहे

           ओझल न हो पल भर साजन
                 अँखियाँ मोरी जगी- जगी ।

कभी निहारूँ सुन्दर मुख मैं
कभी मैं सूनी माँग भरूँ
चन्दन कोमल अँग सँवारे
धीमे - धीमे पाँव धरूँ

           चाह से तुमने देखा जैसे
                 मैं मिस्री की डली- डली

उर से उभरे गान सुरीले
मनवा डोले- डोले
बाहें बन्धनवार बनें जब
गाऊँ हौले- हौले

           प्राणों की बगिया में मोरे
                 केसर कलियाँ झरी- झरी

फाल्गुन की रुत लौट के आई
आँगन बगिया झूमे
गगन विहारी चँदा पल-पल
मुझ विरहन को ढूँढे

           किरण जाल न डाल चितेरे
                 आज हुई मैं नई-नई ।