भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

हवाई यात्रा / अज्ञेय

Kavita Kosh से
Dkspoet (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 16:12, 6 अगस्त 2012 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=अज्ञेय |संग्रह=बावरा अहेरी / अज्ञ...' के साथ नया पन्ना बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

फैला है पठार, सलवट की ओट बिछा है कन्धा :
काली परती, भूरे ऊसर, तोतापरी खेत गेहूँ के,
कितनी हैं थिगलियाँ पुराने इस कन्धे पर!

सिलीं मेंड़ की या पगडंडी की जर्जर डोरी से-
उपयोगी थिगलियाँ।

कहीं पर
किसी मनचले कलाकार की आँकी-बाँकी हरी लीक
कुलिया की।

कन्धे पर यह जमी हुई है चौसर :
इतनी ऊँचे से गोटें तो नहीं दीखतीं
पर घर पहचाने जाते हैं।

इधर रहा यह गोल रहँट का :
काले-चिट्टे चींटे खींच रहे हैं एक सुरमचू,
सुरमेदानी नहीं दीखती : मस्से-सा कुएँ का मुँह है।

उधर बिछे हैं ढेर नाज के-टीले खलिहानों के-
सोने के मन-लोभन पाँसे।

मैं तो हूँ उड़ रहा खिलाड़ी :
जाने-अनजाने माने हूँ जोखम का है खेल हवाई यात्रा।

पर नीचे चौसर के अगल-ब गल जो पाँसे डाले खेल बिछाये
हरदम रहता-
उस अपने आड़ी किसान की जोखम मुझ से बहुत बड़ी है-
मैं जो अपनी एक जान को ही चिपटे हूँ-
वह अपने आगे-पीछे सैकड़ों पीढिय़ाँ दाँव-दाँव पर बद देता है।
ऊँचाई कम चली : शीघ्र ही वायुयान उतरेगा।

बड़े शहर के ढंग और हैं : हम गोटें हैं वहाँ :
दाँव गहरे हैं उस चौपट के।

दिल्ली-बम्बई, 23 मार्च, 1951