भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए
स्याह बैंगनी उदासी में सिहरती लड़की / संगीता गुप्ता
Kavita Kosh से
आशिष पुरोहित (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 13:31, 13 सितम्बर 2012 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=संगीता गुप्ता |संग्रह=समुद्र से ल...' के साथ नया पन्ना बनाया)
दो टहनियों के बीच
अटका एक टुकड़ा
रक्ताभ आसमानी
सूर्य को समर्पित
एकनिष्ठ सूरजमुखी का दमकता पीत वर्ण
प्रेम में विभोर
गुलमोहर की
दहकती लाल कामनाएं
अपराजिता की
गहन नीली रहस्यमयता
या बेला की
भीनी - भीनी उज्ज्वलता
क्या दूं उसे
देर तक उमड़ती - घुमड़ती
प्रेम में
आकंठ डूबी लड़की
एक अरसे बाद
देखती
सपनों की गुनगुनाहट में
तल्लीन लड़की का
तब्दील होना -
उचाट, गृहस्थी के दांव - पेंच में
बेतरह उलझे,
समझदारी, संजीदगी के बोझ तले दबते रंगों को
स्याह बैंगनी उदासी में
डूबते - उतराते
और
भय से सिहर उठती है लड़की ...