Last modified on 6 जनवरी 2014, at 11:37

गाँव का आसमान / गुलाब सिंह

Dkspoet (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 11:37, 6 जनवरी 2014 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=गुलाब सिंह |संग्रह=बाँस-वन और बाँ...' के साथ नया पन्ना बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

आमों में सरसई लगेगी
महुए फूलेंगे
गाँवों से होकर आना
हम तुमको छू लेंगे

एक आँख में फूली सरसों
दूजी में गलियारे,
मन मेम लाना भरी गोद
मुस्काते मौन इशारे,

परछाईं छू कर आना
हम तुमको छू लेंगे।

खेतों में खंजन के जोड़े
मेड़ो पर सारस के
सीवानों में उड़ें पपीहे
पिहकें तरस-तरस के

धुले रुमालों पर सरपत के
सपने झूलेंगे।

सुबह गाँव का आसमान
इन साँसों में अँटता है
शाम, शहर का पिंजरा
छत के छल्ले में टँगता है

ठहरी आँखें, पंख फड़कते
कैसे भूलेंगे?