भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

सतिया के छापे पर / कुमार रवींद्र

Kavita Kosh से
Anupama Pathak (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 17:11, 13 दिसम्बर 2015 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=कुमार रवींद्र |अनुवादक= |संग्रह=च...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

मेंहदी के रंग थके
       उलट गया धान का कटोरा
 
एक बूँद पानी की
बिला गयी रेती में
सारी औकात चुकी
मुरझाई खेती में
 
शहर जा मजूर हुआ
                   मँहगू का छोरा
 
दिया-बुझे ताखे पर
पूनो न तीज रही
चुप तुलसीचौरे पर
भोर खड़ी छीज रही
 
जाने कब बीत गया
                फागुन दिन कोरा
 
सूखे की छाँव पड़ी
सतिया के छापे पर
कौन तरस खाये फिर
जूझते बुढ़ापे पर
 
लटका ओसारे में
                   है खाली बोरा