Last modified on 25 मार्च 2016, at 22:11

देहलीज़ पर स्त्री / सुधीर सक्सेना

Neeraj Daiya (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 22:11, 25 मार्च 2016 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=सुधीर सक्सेना |संग्रह=समरकंद में...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

 
देहलीज पर बैठी
स्त्री
नहीं जानती है
कर्क, विषुवत
या मकर रेखा,

दुख की धुरी के इर्दगिर्द
अनादि काल से
घूम रही है वह।

देहलीज पर बैठी
स्त्री
नहीं जानती है
ग्रीनविच टाइम,

घड़ी के काँटों से नहीं,
आह कराह और
उच्छ्वास से
मापती है वह समय

देहलीज पर बैठी
स्त्री
कतई नहीं जानती है
कि कहाँ है
भूमध्य , हिन्द या
अटलान्टिक महासागर,

कई संवत्सरों से
आँसुओं के महासागर में
डूबी हुई है
स्त्री।