भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

कवि / महेन्द्र भटनागर

Kavita Kosh से
122.168.206.19 (चर्चा) द्वारा परिवर्तित 16:51, 16 जुलाई 2008 का अवतरण

यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

[40]

युग बदलेगा कवि के प्राणों के स्वर से,

प्रतिध्वनि आएगी उस स्वर की घर-घर से !


कवि का स्वर सामूहिक जनता का स्वर है,

उसकी वाणी आकर्षक और निडर है !


जिससे दृढ़-राज्य पलट जाया करते हैं,

शोषक अन्यायी भय खाया करते हैं !


उसके आवाहन पर, नत शोषित पीड़ित,

नूतन बल धारण कर होते एकत्रित !


जो आकाश हिला देते हुंकारों से

दुख-दुर्ग ढहा देते तीव्र प्रहारों से !


कवि के पीछे इतिहास सदा चलता है,

ज्वाला में रवि से बढ़कर कवि जलता है !


कवि निर्मम युग-संघर्षों में जीता है,

कवि है जो शिव से बढ़कर विष पीता है !


उर-उर में जो भाव-लहरियों की धड़कन,

मूक प्रतीक्षा-रत प्रिय भटकी गति बन-बन,


स्नेह भरा जो आँखों में माँ की निश्छल,

लहराया करता कवि के दिल में प्रतिपल !


खेतों में जो बिरहा गाया करता है,

या कि मिलन का गीत सुनाया करता है,


उसके भीतर छिपा हुआ है कवि का मन,

कवि है जो पाषाणों में भरता जीवन!

  

1953