Last modified on 23 सितम्बर 2018, at 12:05

बादलों का विहंग / बालस्वरूप राही

Abhishek Amber (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 12:05, 23 सितम्बर 2018 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=बालस्वरूप राही |अनुवादक= |संग्रह=...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

उड़ चले बादलों के विहंग पंख तोल
सागर की कारा के चमकीले द्वार खोल।

तपते दिनकर के अधर चूम
नाचे अम्बर पर झुमक-झूम
रस-भीगी पाँखों से दो बूंदें ढुलक गई
हो गया सजल धरती के मटियाले कपोल।

घायल मन की कितनी साधें
बीते कल की कितनी यादें
कर हाहाकार उठीं अधरों पर अकस्मात
पर हाय विवशता पाया मैं कुछ नहीं बोल।

गाएंगे पावस-गीत सभी
पाएंगे नूतन मीत सभी
पर ये जो मेरी दृगकोरों से छलक पड़े।
दो विवश अश्रु, आंकेगा इनका कौन मोल?
उड़ चले बादलों के विहंग निज पंख तोल।