Last modified on 11 मार्च 2019, at 12:40

विहग वृक्ष पर चहचहाने लगे हैं / रंजना वर्मा

सशुल्क योगदानकर्ता ४ (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 12:40, 11 मार्च 2019 का अवतरण

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

विहग वृक्ष पर चहचहाने लगे हैं।
नये गीत ज्यों गुनगुनाने लगे हैं॥

उगे देवता सूर्य पूरब दिशा से
नवल रश्मियों को लुटाने लगे हैं॥

लिये चन्दनी गन्ध जो चल रहा है
पवन के वसन सरसराने लगे हैं॥

गिराया किये पंखुरी रात सारी
सुमन कामिनी के लजाने लगे हैं॥

स्वयं में सिमटने लगी है कुमुदिनी
कमल पुष्प फिर मुस्कुराने लगे हैं॥

विदा हो गयीं स्वप्न की सारी परियाँ
नयन सत्य को अब जगाने लगे हैं॥

उठो अब बिताओ नहीं वक्त यों ही
करो कर्म सन्देश आने लगे हैं॥