भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

प्रीत डगर पर / संजय पंकज

Kavita Kosh से
सशुल्क योगदानकर्ता ५ (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 14:06, 21 जुलाई 2019 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=संजय पंकज |अनुवादक= |संग्रह= }} {{KKCatGeet}}...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

रात चाँदनी चुपके आई
खिड़की से सिरहाने में!
सुबह सुबह तक रही सुबकती
लीन रही दुलराने में!

पता नहीं क्यों लापता रही
कितने दिन बेगानों-सी
इधर रही पर मेरी हालत
कुछ पागल दीवानों-सी

आते आते देर हुई कुछ
कुछकि और बतलाने में!

जगते जगते सोते रहना
मजा नहीं बतला सकता
कहने पर भी कुछ भावों को
कभी नहीं जतला सकता

प्यार सदा ही रहा अनाड़ी
जी भर जी बहलाने में!

प्रीत डगर पर थकन नहीं है
युगों युगों से चलकर भी
मौन मुखर मन रहे अधूरा
मन से मन भर मिलकर भी

लग जाती है आग तुरत पर
होती देर बुझाने में!