भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

शाम भी हँसकर ढले / धीरज श्रीवास्तव

Kavita Kosh से
सशुल्क योगदानकर्ता ५ (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 22:53, 15 अक्टूबर 2019 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=धीरज श्रीवास्तव |अनुवादक= |संग्रह...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

हिन्दी शब्दों के अर्थ उपलब्ध हैं। शब्द पर डबल क्लिक करें। अन्य शब्दों पर कार्य जारी है।

कौन आकर रंग लब का,रात भर मुँह पर मले।
छू रहा यौवन हमारा,ख्वाब में मिलकर गले।

अब लगे चलना भला क्यों
जानकर भी शूल पर !
हँस रहीं हैं कामनायें
बैठकर अब शूल पर !

मुस्कुरातीं रोज सुबहें,शाम भी हँसकर ढले।
कौन आकर रंग लब का,रात भर मुँह पर मले।

गीत अक्सर छेड़ करके
मुस्कुराती रागनी !
खिड़कियों से आजकल है
झाँकती ये चाँदनी !

कौन पलकों में हमारी,रोज ही छुपकर चले।
कौन आकर रंग लब का,रात भर मुँह पर मले।

इस हृदय के साथ तन भी
सिर्फ उसका साथ दे !
और कहता अजनबी के
हाथ अपना हाथ दे !

तंज कसती चूड़ियाँ भी,साँस ये अक्सर जले।
कौन आकर रंग लब का,रात भर मुँह पर मले।

डाह करती अप्सरायें
सुख हमारा देखकर !
चाँद तारे बौखलाये
खेल सारा देखकर !

सच कहूँ सबसे सुखी हूँ,आज इस अंबर तले।
कौन आकर रंग लब का,रात भर मुँह पर मले।