भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

प्रभात की चाह / महेन्द्र भटनागर

Kavita Kosh से
198.190.230.62 (चर्चा) द्वारा परिवर्तित 00:19, 29 अगस्त 2008 का अवतरण (New page: {{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=महेन्द्र भटनागर |संग्रह= अंतराल / महेन्द्र भटनागर }} <poem> ...)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज


बोले जीवन के मधुबन में
कोयल का स्वर, कोयल का स्वर !

लद जाएँ कुसुमों से डाली,
अम्बर में फूट पड़े लाली,
बह चले सुरभिमय मंद पवन,
छा जाए जग में हरियाली,
गा दे गीत खगों की टोली
नीरव जीवन-सरिता तट पर !

रजनी मौन भरे जीवन से,
भ्रमरों के गुनगुन गुंजन से,
जग कोलाहलमय हो जाए,
छूट पड़े जीवन बंधन से,
डोल उठे संसृति का अणु-अणु
प्राणों में शक्ति नयी पाकर !

जागे सोया मानव-जीवन,
बदले जग का जीवन-दर्शन,
निर्धनता, व्यथा मिटे सारी,
हो नवल विश्व, नूतन जन-मन,
मिट जाए सपनों की दुनिया,
 ::लहराए जागृति का सागर !
1949