भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

दुनियादारी की बातें / शशांक मिश्रा 'सफ़ीर'

Kavita Kosh से
सशुल्क योगदानकर्ता ५ (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 22:33, 28 फ़रवरी 2020 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=शशांक मिश्रा 'सफ़ीर' |अनुवादक= |संग...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

कहो फलाने,
पहली बार
किसने देखा होगा,
चुपचाप उतरते आंखों से पानी?
किसने छोड़ दिया होगा यूँ ही,
समय की चौखट पर अनमोल जवानी?

कहो फलाने,
पहली बार
किसने सोचा होगा कि
अंगूर नहीं थे खट्टे,
छलांग थी छोटी?
किन बेबस आंखों ने छुपकर,
ढूंढी होंगी चांद में रोटी?

कहो फलाने,
पहली बार
किन नींदों ने त्यागे होंगे,
कुछ ख्वाब भटकते?
किसने मरता बचपन देखा होगा
पांव पटकते?

कहो फलाने,
पहली बार
कौन रहा होगा जिसने,
नारी के पाँव पखारे होंगे?
किन अबलाओं ने बाजारों में,
बिकने को देंह उतारे होंगे?

कहो फलाने,
पहली बार
किस प्रेयसी ने स्वीकारा होगा,
आंखों में ही शर्माना?
किस प्रेम ने समझा होगा,
मन का मन को समझाना?

अरे धिमाके,
अब छोड़ो भी
हम क्यों सोचें, ये दुनियादारी की बातें हैं।
तुम सुर्ती रगड़ो भइया अउर चिलम सुलगाते हैं।
कश जो लोगे एकबार सब धुँआ बन उड़ जाएगा।
राख बचेगा जो चिलम में, सार वही रह जायेगा।