भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

राखी पकड़ बहन रोयेगी / अभिषेक औदिच्य

Kavita Kosh से
सशुल्क योगदानकर्ता ५ (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 23:26, 24 अप्रैल 2020 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=अभिषेक औदिच्य |अनुवादक= |संग्रह= }} {...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

जीजा-साले के झगड़े में राखी पकड़ बहन रोयेगी।

उसका कोई दोष नहीं है,
फिर भी दंड उसी ने पाया।
इस सावन भी छोटा भाई,
नहीं लिवाने उसको आया।
पति ने भी आदेश दिया है,
बिना बुलाये तुम मत जाना।

दो पुरुषों के अहंकार को आज पुनः नारी ढोयेगी।

भाई सूनी लिए कलाई,
झुकने को तैयार नहीं है।
पत्नी पल-पल घुटे बताओ,
क्या यह पति की हार नहीं है?
कुछ मासूम बुआ को रोएँ,
कुछ मामा के घर जाने को।

कुछ इच्छाएँ आस लगाए सारा दिन थक कर सोएगी।

एक बँधा कच्चे धागे से,
और दूसरा जीवन साथी।
ऐसे में वह बेबस औरत,
बोलो किसका साथ निभाती?
दोनों तरस नहीं हैं खाते,
उस दुखियारी की हालत पर।

यदि भाई से नेह निभाये तो पति की निष्ठा खोएगी।