भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

भ्रमित विहग सा भटक रहा मन / योगेन्द्र दत्त शर्मा

Kavita Kosh से
अनिल जनविजय (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 20:35, 28 मई 2020 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार= योगेन्द्र दत्त शर्मा }} {{KKCatNavgeet}} <poem> :...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

भ्रमित विहग सा भटक रहा मन
गली-गली हर गांव
भरी दुपहरी जली ज़िन्दगी
ढूँढ़ न पाई छांव

आयासों से भी ऊँचे हैं
मंज़िल के आयाम
पँहुच न पाए चलते चलते
लगी बोलने शाम

ठगे गए संकल्प अधूरे
थके हुए हैं पांव

विश्वासों की तहें टटोलीं
लगा नहीं कुछ हाथ
कभी नहीं कोई दे पाया
दो पल का भी साथ

द्वार सभी हैं बन्द कहीं भी
मिलता ठौर न ठांव

कविताएँ लिख-लिखकर काटीं
दिन यों हुआ व्यतीत
उकताहट से भरा हुआ मन
रचें कहाँ से गीत

राग हुए बेसुरे और सुर
हुए ’कुहू’ से ’कांव’