भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए
मन करता है मैं रूठूँ / कमलेश द्विवेदी
Kavita Kosh से
सशुल्क योगदानकर्ता ५ (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 22:36, 30 जून 2020 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=कमलेश द्विवेदी |अनुवादक= |संग्रह=...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)
मन करता है मैं रूठूँ वह आये मुझे मनाये।
लेकिन वह इतना अच्छा है कैसे रूठा जाये।
जो कुछ उससे कहना चाहूँ
बिना कहे सुन लेता।
जो करवाना चाहूँ उससे
बिना कहे कर देता।
ऐसे में बोलो फिर कैसे उस पर गुस्सा आये।
मन करता है मैं रूठूँ वह आये मुझे मनाये।
चाहे जितना अलग-अलग हों
चाहे हम बेगाने।
उसके दिल की मैं सब जानूँ
मेरी वह सब जाने।
फिर नाराज़ किसी से कैसे कोई भी हो पाये।
मन करता है मैं रूठूँ वह आये मुझे मनाये।
सोच रहा हूँ ऐसे रिश्ते
क्या यों ही मिल जाते।
कितने सगे, सगे होकर भी
चोट हमें पहुँचाते।
पर जो दिल से जुड़े, धड़कनों तक वह साथ निभाये।
मन करता है मैं रूठूँ वह आये मुझे मनाये।