भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

भोले कुसुम! भूले कुसुम! / रामगोपाल 'रुद्र'

Kavita Kosh से
सशुल्क योगदानकर्ता ५ (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 22:31, 4 नवम्बर 2020 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=रामगोपाल 'रुद्र' |अनुवादक= |संग्रह=...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

ओ आज भी जागे न तुम!

नीहारिका से द्वंद्व कर रवि-कर-निकर विजयी बने,
प्रत्यूष के पीयूष-कण पहुँचा रहे तुम तक घने,
कोमल मलय के स्पर्शसौरभ से, हिमानी से सने
दुलरा तुम्हें जाते; जगाते कूजते तरु के तने;
तो और जागोगे भला किस जागरण-क्षण में, कुसुम!
यह स्वप्न टूटेगा न क्या? भोले कुसुम! भूले कुसुम!

लो! तितलियाँ मचलीं, चलीं, सतरंग चीनांशुक पहन,
छवि की पुतलियों-सी मचलती, मद-भरे जिनके नयन,
हर एक कलि के कान में कहती हुई " जागो, बहन!
जागो, बहन! दिन चढ़ गया, खोलो नयन, धो लो वदन!
अनमोल रे यह क्षण न खोने का शयन-वन में, कुसुम!
कब और जागोगे भला? भोले कुसुम! भूले कुसुम!