Last modified on 19 जनवरी 2021, at 18:24

मेघों की रिमझिम / नरेन्द्र दीपक

सशुल्क योगदानकर्ता ५ (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 18:24, 19 जनवरी 2021 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=नरेन्द्र दीपक |अनुवादक= |संग्रह= }} {...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

बरखा की भोर
मेघों की रिमझिम का मीठा संगीत
झरनों की कल-कल का मादक संगीत,
अम्बुआ की डाली पर कोयल का शोर
बरखा की भोर।

अम्बर से धरती तक पानी का जाल
बाग़ों में झुकी-झुकी जामुन की डाल,
लछुआ की देहरी में सटे खड़े ढोर
बरखा की भोर।

बादल के घूँघट से सूरज की किरण,
झाँक रही जैसे हों, हिरणी के नयन,
बाँसों के जंगल में, नाच रहे मोर
बरखा की भोर।