भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

रोना निषेध है / मंजुला बिष्ट

Kavita Kosh से
सशुल्क योगदानकर्ता ५ (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 18:53, 13 नवम्बर 2022 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=मंजुला बिष्ट |अनुवादक= |संग्रह= }} {{KK...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

लड़के सुनते रहे अपने पिता से
"लड़कियों की तरह क्या रोता है!"
लड़कियां भी सुनती रही अपनी माँ से
"यह औरतों की तरह रोना बन्द करों!"

रोना एक तरह से
सामान्य - नैसर्गिक मानवीय क्रिया न होकर
आदिम स्त्रैण गुण और स्त्री सुलभ कमजोरी सिद्ध था

लड़के को पुरूष बने रहने के लिए
कठोर बने रहना था
और लड़की को पुरुष जैसा बनने के लिए
अधिक कठोर होना था

अब तुम अफसोस करते हो कि
यह दुनिया इतनी कठोर क्यों होती जा रही है!

जबकि,सबसे आसान था
मन्दिम रोकर कोमल बने रहना
और हमने तो
आँसुओं को सुखाने के ताबड़तोड़ ढेर प्रबंध किए हैं।