भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

धरती पर अमर बेल (कविता) / कुमार कृष्ण

Kavita Kosh से
Firstbot (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 22:43, 22 फ़रवरी 2023 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=कुमार कृष्ण |अनुवादक= |संग्रह=धरत...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

धरती पर नारी
दुःख भरे आँगन में खुशियों का उत्सव है
वह सपनों के धुएँ से बनाती है उम्मीद के बादल
वह है ईश्वर की असाध्यवीणा
धरती पर प्रेम की अमर बेल है नारी
नारी है महानदी
सींचती है मनुष्यता इस धरती पर
वह है आग का फूल
ममता का इन्द्रधनुष
मनुष्य को पशु
पशु को मनुष्य बनाने वाली अंगुलियाँ
उसे आता है-
सूखे बाँस को बाँसुरी में बदलना
जानती है धरती पर घर बनाना
उसकी आँखों में रहते हैं-
धरती के तमाम शब्दकोश
हथेलियों पर बिजली के फूल
वह सिर से पाँव तक आग ही आग है
फिर भी लगती है गुलमोहर का पेड़
वह है सृष्टि की अद्भुत रचना
प्रेम की परिभाषा
पता नहीं कहाँ से ले आई सबसे पहले
प्रेम इस धरती पर
वह है चट्टान पर चहकती
सोने के पंख वाली चिड़िया
चाँद का दुपट्टा
मंत्रों की गूँज इस धरती पर
वह है बादलों में बिजली
शून्य में आकाश गंगा
रिश्तों का वटवृक्ष इस धरती पर
वह है महाकाव्य धरती पर नींद
पत्थर को फूल में बदलने वाली जादूगरनी
वह है आकाश बेल
माँगती है मुट्ठी भर विश्वास
चुटकी भर राग
नारी है जीवन का विस्तार इस धरती पर।