भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए
हरसिंगार झरे / जगदीश व्योम
Kavita Kosh से
डा० जगदीश व्योम (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 10:03, 30 नवम्बर 2023 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=जगदीश व्योम}} {{KKCatBaalKavita}} <poem> सारी रात म...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)
सारी रात
महक बिखराकर
हरसिंगार झरे।
सहमी दूब
बाँस गुमसुम है
कोंपल डरी-डरी
बूढ़े बरगद की
आँखों में
खामोशी पसरी
बैठा दिए गए
जाने क्यों
गंधों पर पहरे
हरसिंगार झरे।
वीरानापन
और बढ़ गया
जंगल देह हुई
हरिणी की
चंचल-चितवन में
भय की छुईमुई
टोने की ज़द से
अब आखिर
बाहर कौन करे
हरसिंगार झरे।
सघन गंध
फैलाने वाला
व्याकुल है महुआ
त्रिपिटक बाँच रहा
सदियों से
पीपल मौन हुआ
चीवर पाने की
आशा में
कितने युग ठहरे
हरसिंगार झरे।
-डॅा. जगदीश व्योम