भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

कर्तव्यों के शिलापृष्ठ पर / राहुल शिवाय

Kavita Kosh से
Rahul Shivay (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 12:36, 19 जून 2024 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=राहुल शिवाय |अनुवादक= |संग्रह= }} {{KKCat...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

अंजुरियों में अक्षत लेकर
हम प्रेमिल संसार लिखें
कर्तव्यों के शिलापृष्ठ पर
पानी से अधिकार लिखें

उत्तर-दक्षिण की
संस्कृति में
एक नया संवाद जगाएँ
कावेरी
गंगा तक लाकर
नया इलाहाबाद बसाएँ

पथ की बाधाओं पर
आओ संगम का आभार लिखें

लिखें लोहड़ी
से पोंगल तक
त्योहारों की आवाजाही
खजुराहो को
चलो दिखाएँ
कैसी है यमुना की स्याही

वृंदावन के बिरवे से हम
महावृक्ष का सार लिखें

जगन्नाथ के
रथ को लेकर
मीरा के भजनों तक जाएँ
तुलसी की
व्याकुलता को फिर
रत्ना के मन तक पहुँचाएँ

सारी सीमाओं को त्यागें
मन को एकाकार लिखें