भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

मंगल-वर्षा / भवानीप्रसाद मिश्र

Kavita Kosh से
अनिल जनविजय (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 23:48, 23 जून 2024 का अवतरण

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

पीके फूटे आज प्यार के, पानी बरसा री ।
हरियाली छा गई, हमारे सावन सरसा री ।

बादल आए आसमान मे, धरती फूली री,
अरी सुहागिन, भरी मांग में भूली-भूली री,
बिजली चमकी भाग सखी री, दादुर बोले री,
अंध प्राण सी बहे, उड़े पंछी अनमोले री,
छन-छन उड़ी हिलोर, मगन मन पागल दरसा री ।
पीके फूटे आज प्यार के, पानी बरसा री ।

फिसली-सी पगडण्डी, खिसली आँख लजीली री,
इन्द्र-धनुष रंग रंगी, आज मै सहज रंगीली री,
रुनझुन बिछिया आज, हिला-डुल मेरी बेनी री,
ऊँचे-ऊँचे पेंग, हिण्डोला सरग -नसेनी री,
और सखी सुन मोर! बिजन वन दीखे घर-सा री ।
पीके फूटे आज प्यार के, पानी बरसा री ।

फुर-फुर उड़ी फुहार अलक दल मोती छाए री,
खड़ी खेत के बीच किसानिन कजरी गाए री,
झर-झर झरना झरे ,आज मन प्राण सिहाए री,
कौन जन्म के पुण्य कि ऐसे शुभ दिन आई री,
रात सुहागिन गात मुदित मन साजन परसा रीए ।
पीके फूटे आज प्यार के, पानी बरसा री ।