भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

दीपक लेकर बैठा रघुवा / राहुल शिवाय

Kavita Kosh से
Rahul Shivay (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 10:25, 15 अगस्त 2024 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=राहुल शिवाय |अनुवादक= |संग्रह= }} {{KKCat...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

पाँच दिनों से दीपक लेकर
बैठा रघुवा
सोच रहा इस बार
न दीपक बिक पायेंगे

ज्योति-पर्व का उत्सव
चीनी बल्ब मनाते
अब न छतों पर हम मिट्टी का
दीप जलाते

रघुवा जैसे कितने ही
मुँह की खायेंगे

मुन्ना को फुलझड़ी-पटाखे
कैसे देगा
कैसे मुन्नी का घरकुण्डा भी
सँवरेगा

क्या आँखों में ही ये सपने
मर जायेंगे

कहाँ ग़रीबों के घर में
होती दीवाली
रमा नहीं बसती,
बसती केवल कंगाली

क्या बच्चे फिर
रोते-रोते सो जायेंगे