Last modified on 12 मई 2025, at 23:19

धान बकाया है / शिव मोहन सिंह

सशुल्क योगदानकर्ता ५ (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 23:19, 12 मई 2025 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=शिव मोहन सिंह |अनुवादक= |संग्रह= }} {{K...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

सावन भादो बीत गये पर
घन का साया है।
मौसम के घर हरियाली में
धान बकाया है ॥

थोड़ी-सी है कसर अभी तो,
धामिन लोटेगी ।
पूछ रही है भाभी कैसे
बाली फूटेगी !
ऋतुओं की इस मनमानी में
घाम बकाया है ।
मौसम के घर हरियाली में
धान बकाया है ॥

कर्ज़ उधारी बीज खाद के
नीयत तोलेंगे ।
खून पसीने रात नींद में
बोली बोलेंगे ।
व्यापारी के घर किसान का
मान बकाया है ।
मौसम के घर हरियाली में
धान बकाया है ॥

हरिया गोबर पोत-पोत
खलिहान बनाता है।
सपनों में गीला आटा
हर बार सुखाता है ।
मांड-भात में बच्चों का
अरमान बकाया है ।
मौसम के घर हरियाली में
धान बकाया है ॥