भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

सावन की अगवानी / शिवजी श्रीवास्तव

Kavita Kosh से
वीरबाला (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 10:29, 15 जुलाई 2025 का अवतरण

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

ढोल बजाकर मेघ कर रहे
सावन की अगवानी

झर- झर झरती बूँदें भू पर
रुनझुन- रुनझुन नाचें
पवन झकोरे
दिशा- दिशा में
नेग गंध के बाँटें
राग किसी ने बिरहा छेड़ा
जागी पीर पुरानी।

मृदुल लताएँ पेड़ों से
गलबहियाँ करने भागें
सूखे ठूँठों के भीतर भी
सरस कोंपले झाँकें
इठलाकर चलती हैं नदियाँ
सब पर चढ़ी जवानी।

होरी की चिंता-
कैसे ये बीतेंगे चौमासे
भीगी कथरी, टूटा छप्पर
कब तक होंगे फाके।
सब कुछ बदला; किंतु न बदली
उसकी रामकहानी।