भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

रूपसि तेरा घन-केश-पाश / महादेवी वर्मा

Kavita Kosh से
Mahashakti (चर्चा) द्वारा परिवर्तित 06:56, 23 सितम्बर 2006 का अवतरण

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

लेखिका: महादेवी वर्मा

~*~*~*~*~*~*~*~*~*~*~*~*~*~*~

रूपसि तेरा घन-केश-पाश!

श्यामल श्यामल कोमल कोमल,

लहराता सुरभित केश-पाश!


नभ गंगा की रजत धार में,

धो आई क्या इन्हें रात?

किम्पत हैं तेरे सजल अंग,

सिहरा सा तन हे सद्यस्नात!

भीगी अलकों के छोरों से

चूती बूँदें कर विधि लास!

रूपसि तेरा घन-केश-पाश!


सौरभ भीना झीना गीला

लिपटा मृदु अंजन सा दुकूल,

चल अंचल से झर झर झरते

पथ में जुगनू के स्वर्ण फूल,

दीपक से देता बार-बार

तेरा उज्जवल चितवन-विलास!

रूपसि तेरा घन-केश-पाश!

उच्छ्वसित वक्ष पर चंचल है

वक पाँतों का अरविन्द हार,

तेरी निश्वासें छू भू को

बन बन जाती मलयज बयार,

केकी रव की नुपूर ध्वनि सुन

जगती जगती की मूक प्यास!

रूपसि तेरा घन-केश-पाश!


इन स्निग्ध लटों से छा दे तन,

पुलकित अंकों में भर विशाल,

झुक सुस्मित शीतल चुंबन से

अंकित कर इसका मृदुल भाल,

दुलरा दे ना बहला दे ना

यह तेरा शिशु जग है उदास!

रूपसि तेरा घन-केश-पाश!