Last modified on 20 अगस्त 2009, at 13:11

जीवन संग्राम / विश्वनाथप्रसाद तिवारी

अनिल जनविजय (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 13:11, 20 अगस्त 2009 का अवतरण (नया पृष्ठ: {{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=विश्वनाथप्रसाद तिवारी |संग्रह=फिर भी कुछ रह जा...)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

जैसे-जैसे जीवन ढलता है
रस्ता लम्बा होता जाता
यह चोटी गुज़री वह आई
वह गुज़री फिर नई आ गई
अन्तहीन अवरोधों का यह
कठिन सिलसिला बढ़ता जाता
नए-नए टीले बालू के
तेज-तेज चल रही हवाएँ
छाया लम्बी होती जाती
क्षितिज धूसरित होता जाता
समझ रहा था अन्त जिसे
वह तो लगता आरम्भ अभी है
लौट-लौट कर समय आ रहा
फिर से नई चुनौती देता।