Last modified on 5 अक्टूबर 2009, at 07:52

साथी, कर न आज दुराव / हरिवंशराय बच्चन

Dkspoet (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 07:52, 5 अक्टूबर 2009 का अवतरण (नया पृष्ठ: {{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=हरिवंशराय बच्चन |संग्रह=निशा निमन्त्रण / हरिवं...)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

साथी, कर न आज दुराव!

खींच ऊपर को भ्रुओं को
रोक मत अब आँसुओं को,
सह सकेगी भार कितना यह नयन की नाव!
साथी, कर न आज दुराव!

व्यक्त कर दे अश्रु कण से,
आह से, अस्फुट वचन से,
प्राण तन-मन को दबाए जो हृदय के भाव!
साथी, कर न आज दुराव!

रो रही बुलबुल विकल हो
इस निशा में धैर्य धन खो,
वह कहीं समझे न उसके ही हृदय में घाव!
साथी, कर न आज दुराव!