भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

ऐसा पहली बार हुआ / कमलेश्वर साहू

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज


वह लड़की पर कविता लिखना चाहता था
लिख गया नदी पर
वह लड़के पर कविता लिखना चाहता था
लिख गया पेड़ पर
उसने आगे और लिखा
तो लड़की नदी में बदल गई
और लड़का पेड़ में
ऐसा पहली बार हुआ
आखिर ऐसा हुआ क्यों
वह सोचने लगा
सोचते सोचते
अचानक ख्याल आया उसे
कि वह लड़की
जिस पर कविता लिखना चाहता था वह
नदी में नहा रही थी
वह लड़का करीब ही खड़ा था
पेड़ के नीचे
जिस पर कविता लिखना चाहता था वह
वह फिर सोचने लगा
यदि ऐसा हुआ तो क्यों
क्यों आखिर ?
यदि ऐसा हो गया कविता में
तो यकीनन कोई न कोई संबंध होगा
लड़की-नदी-पेड़-लड़के में
जब उसे लगा कि वह
कुछ भी नहीं सोच सकता आगे
तो उसने कलम रख देना चाहा
बस यही वक्त था
जब लड़की
नदी से निकल कर
लड़के के साथ चली गई
ताकती रह गई नदी
देखता रह गया पेड़-
ऐसा पहली बार हुआ !