भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए
सम्बन्धों के ठंडे घर में / अमरनाथ श्रीवास्तव
Kavita Kosh से
हिन्दी शब्दों के अर्थ उपलब्ध हैं। शब्द पर डबल क्लिक करें। अन्य शब्दों पर कार्य जारी है।
सम्बन्धों के ठंडे घर में
वैसे तो सबकुछ है लेकिन
इतने नीचे तापमान पर
रक्तचाप बेहद खलता है|
दिनचर्या कोरी दिनचर्या
घटनायें कोरी घटनायें
पढ़ा हुआ अखबार उठाकर
हम कब तक बेबस दुहरायें
नाम मात्र को सुबह हुई है
कहने भर को दिन ढलता है|
सहित ताप अनुकूलित घर में
मौसम के प्रतिमान ढूंढते
आधी उमर गुजर जाती है
प्याले में तूफान ढूंढते
गर्म खून वाला तेवर भी
अब तो सिर्फ हाथ मलता है|
सजे हुए दस्तरख्वानों पर
मरी भूख के ताने -बाने
ठहरे हुए समय सी टेबुल
टिकी हुई बासी मुस्कानें
शिष्टाचार डरे नौकर सा
अक्सर दबे पांव चलता है|