भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

आयामों के इन्द्रधनुष / रामस्वरूप परेश

Kavita Kosh से
Kailash Pareek (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 10:00, 29 अक्टूबर 2012 का अवतरण

यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

                      [१]
मेरे माथे का हिम किरीट, ऊंचा नगराज हिमालय है |
हर प्रीत भरे उर का परिचय बस ताजमहल ही में लय है |
मेरी भृकुटि में महा प्रलय मेरी मुस्कानों में अमृत
मैं तो इस भारत की मांटी मेरा इतना सा परिचय है |
                      [२]
जब-जब स्वतन्त्रता के पट में कोई अंगार सजाता है |
शान्ति सुहागिन के कोई शोणित से हाथ रचाता है |
भिन्न- भिन्न हैं जाति धर्म पर जब स्वदेश पर संकट हो
मन्दिर बढ़कर मस्जिद के माथे पर तिलक लगाता है |
                      [३]
ऐसा गीत उचार की जिससे कुछ अँधियारा कम हो जाये |
ईश्वर की पाषाणी मूरत की भी आंखे नम हो जायें |
द्वार-द्वार पर दीप जलाकर जग का तिमिर भगाने वाले
बनकर स्वयं दीप जल जिससे हर मावस पूनम हो जाये |
           [४]
मनुज मनुज को नहीं मानता है |
ईमान क्या वह नहीं जानता है |
किसी की विवशता पे हंस दो भले
गुजरती है जिस पर वही जानता है |
           [५]
मृदु जुन्हाई रजत शर से प्राण-बाला तिलमिलाई |
हर विवश मुस्कान पर शत वेदनाएं खिलखिलाई |
नयन निर्झर में घुली हैं स्वप्न की छवियाँ मनोहर
ह्रदय-दर्पण में कभी जब सुधि तुम्हारी झिलमिलाई |
           [६]
कारवां की धूल पर हम शीश धुनते रह गए |
हम तो अपनों की कमी का जाल बुनते रह गये |
आदमी के जनाजे में भी न हो सके शरीक
अफ़सोस कि पत्थर के लिए फूल चुनते रह गये |
            [७]
जमाने से मिले अभिशाप कब वरदान बन जायेँ |
न जाने कौन-सी पीड़ा मधुर मुस्कान बन जायेँ |
अत: मैं हर गली की धूल को मस्तक नवाता हूँ
न जाने कौन-सा रज-कण मेरा भगवान बन जायेँ |
            [८]
दर्द जागा तो गीतों से सुलाया न गया |
चाँद धरती पे इशारों से बुलाया न गया |
लाख कोशिश हुई सुधियों को भुलाने की
जब कोई याद मुझे आया तो भुलाया न गया |
            [९]
इन्तजार का का मृदु क्षण मुझको पखवारे सा लगता है |
हर दरवाजा मुझको तेरे दरवाजे-सा लगता है |
सच कहता हूँ खाकर मैं सौगंध तुम्हारे अधरों की
बिना तुम्हारे सांस स्वयं का अंगारे-सा लगता है|
            [१०]
अंगारों पर चला सदा मैं अंतर में मधुमास लिये |
जूझा हूँ पग-पग झंझा से कूलों का विश्वास लिये |
तुम्ही चढ़ावोगे आंसू का अर्ध्य हमारे गीतों पर
इस कारण हँसता आया हूँ मैं जगती का उपहास लिये |
            [११]
सांस वह जिसने समय को दी रवानी है |
जो फिसलते को संभाले वह जवानी है |
नींद क्यों आती नहीं बेचैन है मन
शायद किसी मनुज की आँख में पानी है |
            [१२]
हर आदमी को औरों के लिये जीना भी नहीं आता है |
हर सपन को साध का जिल्द-सीना भी नहीं आता है |
अफसोस मुकद्दर ने सुराही पे सुराही दी उन्हें
महफ़िल में जिनको तमीज से पीना भी नहीं आता है |
             [१३]
बदचलन ज़माने को ईमान से नफ़रत है |
महल वालों को कुटी के गान से नफ़रत है |
वह जन्नत भी जहन्नुम से बदतर है भाई
जहाँ इन्सान को इन्सान से नफ़रत है |
            [१४]
जिन्दगी क्या चीज है यह गम बताता है |
हर सपन की मौत पर मातम मनाता है |
बस गई मौत के गाँव में ही जिन्दगी तो
आज का इन्सान क्यों एटम बनाता है |
            [१५]
हिचकियाँ लेकर जहर पीता है क्यों |
सांस की चादर को सीता है क्यों |
मरता है यों कि मजबूर है लेकिन
अचरज है आदमी जीता है क्यों |
            [१६]
कौन कहता है कि है इंसां फ़रिश्ता |
बस छलावा मात्र है हर नाता रिश्ता |
अब बताओ आदमी का मूल्य क्या है
प्रस्तरों की भीड़ में इन्सान है सस्ता |
            [१७]
स्नेह जीवन एकता की दृढ़ कड़ी है |
प्रगति का हर पथ परीक्षा की घडी है |
राष्ट्र अर्चन में सभी सुख हैं समर्पित
देश की मिट्टी सितारों से बड़ी है |
            [१८]
कारवाएं उम्मीद गया अश्के गुबार बाकी हैं |
दिल की दरगाह में ख्वाबों के मज़ार बाकी हैं |
बहारों से कहो कि किसने बुलाया था तुम्हे
अभी तो महकते गम के सदाबहार बाकी हैं |