भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

कवि ने लिखी कविता / शिवदयाल

Kavita Kosh से
योगेंद्र कृष्णा (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 23:40, 18 मई 2011 का अवतरण (नया पृष्ठ: {{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=शिवदयाल |संग्रह= }} <poem> कवि ने देखा भीड़ वाली सड़क …)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज


कवि ने देखा

भीड़ वाली सड़क पर

बीचोंबीच गिरा पड़ा

एक अभावग्रस्त बीमार आदमी

और उससे नजरें चुराते

कन्नी काटते गुजर जाते लोग


और कवि ने लिखी कविता!


कवि ने देखा

वर्दीवालों से सरेआम पिटता

और अपने निर्दोष होने की

सफाई देने की कोशिश करता

एक शख्स


और कवि ने लिखी कविता!


कवि ने देखे

झगड़े-झंझट

दंगे-फसाद

लूटमार

अंधेरगर्दी और अनाचार...

और लिख डाली कितनी ही कविताएँ!


धन्य है कवि की कविताई

जो दिनोंदिन निखरती चली गई

धन्य है कवि का यश

जो चहुँओर फैलता चला गया


कवि ने

कवि होने का फर्ज निभाया

बाकी को

मनुष्य होने का धर्म निभाना था!